कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को नागपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और गुरुवार को होने वाली 'लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ' रैली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रैली में अभिनेता और एक्टिविस्ट प्रकाश राज तथा पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे। दीपके ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है और बाबा साहब आंबेडकर के संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला, लेकिन मंच पर प्रधानमंत्री की तस्वीर भी रखी गई थी और कार्यक्रम की शुरुआत 'मोदी चालीसा' बजाकर की गई। रांका ने अपने संबोधन की शुरुआत 'जय महाराष्ट्र' और 'जय नरेंद्र' के नारे के साथ की।

तस्वीर रखने की वजह पूछे जाने पर दीपके ने कहा कि देश में सेंसरशिप इतनी ज्यादा है कि तस्वीर इंस्टाग्राम और मेटा के लिए रखी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम और मेटा पर मोदी की तस्वीर के बिना राजनीतिक कंटेंट दबाया जा रहा है और जनवरी से जून तक 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटाई गईं।

दीपके ने भाजपा पर चुनावों में धांधली का आरोप लगाया और कोल्हापुर की गोकुल डेयरी के सहकारी चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव हारने के बाद परिणाम बदलने के लिए अध्यादेश लाकर चार सदस्यों को शामिल किया गया।