आजाद समाज पार्टी प्रमुख और नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े होने के दावे पर संगठन ने चुप्पी तोड़ दी है। एबीवीपी ने इस दावे का खंडन करते हुए पत्रकार स्वाति चतुर्वेदी को निशाना बनाया है। एबीवीपी का आरोप है कि स्वाति चतुर्वेदी कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप पत्रकारिता करती हैं और राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने में लगी हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि चंद्रशेखर आजाद का एबीवीपी से कभी कोई संपर्क नहीं रहा है और न ही वे कभी इसके कार्यकर्ता रहे हैं।

एबीवीपी ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस के दौर में सक्रिय रहीं स्वाति चतुर्वेदी यदि आज भी राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करने में लगी हैं, तो यह पत्रकारिता के मूल्यों के लिए चिंताजनक है। बयान के अनुसार, स्वाति चतुर्वेदी द्वारा एक व्यक्ति को एबीवीपी से जोड़कर प्रस्तुत करना पूरी तरह निराधार है। एबीवीपी ने कहा कि संबंधित व्यक्ति का परिषद से कभी कोई संबंध नहीं रहा और न ही वह इसका कार्यकर्ता रहा। संगठन ने कहा कि बिना किसी तथ्यात्मक आधार के किसी व्यक्ति को संगठन से जोड़कर उसके आधार पर एबीवीपी की छवि प्रभावित करने का प्रयास भ्रामक नैरेटिव खड़ा करने जैसा है।

एक न्यूज चैनल पर स्वाति चतुर्वेदी ने कहा था कि आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पहले एबीवीपी से जुड़े थे और दलित वोट कटवाने के लिए बीजेपी उनका इस्तेमाल कर रही है। इसके बाद उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। हाल ही में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन किया है, जिसके बाद अखिलेश यादव ने कहा था कि इनकी डोर बीजेपी के हाथ में है और बीजेपी जितनी ढील देगी, ये उतनी ही उड़ान भरेंगे।

एबीवीपी से जुड़े होने की बात पर चंद्रशेखर आजाद ने भी एक न्यूज चैनल पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि अगर कोई यह बात साबित कर दे तो वह राजनीति ही छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि वे छात्र राजनीति से जुड़े रहे थे, लेकिन एबीवीपी से उनका कभी कोई संबंध नहीं रहा। इधर, चंद्रशेखर आजाद ने विधानसभा प्रभारियों की तीसरी सूची जारी कर दी है, जिसमें 34 लोगों के नाम शामिल हैं। इस सूची में सभी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय से आते हैं, कोई भी सामान्य वर्ग का नहीं है।