आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अपने शुरुआती छात्र जीवन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े होने के दावों को सिरे से खारिज किया है। एक टीवी कार्यक्रम में एक महिला पत्रकार की ओर से की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए आजाद ने खुला चैलेंज दिया है कि अगर यह आरोप सच साबित हो जाएं, तो वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे।

न्यूज24 चैनल को दिए इंटरव्यू में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नेताओं से सवाल पूछे जाने चाहिए, लेकिन बिना किसी ठोस आधार या रिसर्च के सार्वजनिक मंचों पर गैर-जिम्मेदाराना बयान देना गलत है। आजाद ने कहा कि मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि अगर उनके आरोप सही साबित होते हैं, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। लेकिन अगर वे अपने दावों को साबित नहीं कर पाती हैं, तो उन्हें इसी टीवी शो पर बैठकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

अपने छात्र जीवन के दिनों को याद करते हुए नगीना सांसद ने पत्रकार और विपक्षी दलों को देहरादून जाकर जांच करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि देहरादून स्थित डीएवी पीजी कॉलेज आज भी मौजूद है और वहां आज भी छात्रसंघ चुनाव होते हैं। उनके साथ पढ़ने वाले कई साथी आज नौकरी, व्यापार और राजनीति में सक्रिय हैं। आजाद ने कहा कि कोई भी व्यक्ति या पत्रकार वहां जाकर रिसर्च कर सकता है कि कॉलेज के दिनों में वे किस छात्र संगठन से जुड़े थे और उनकी राजनीतिक विचारधारा क्या रही है।

बातचीत के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने मीडिया के एक वर्ग पर बिना तथ्य जांचे खबरें चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आजकल किसी को फायदा या नुकसान पहुंचाने के लिए बिना किसी ठोस सबूत के आरोप लगा दिए जाते हैं। जब बाद में व्यक्ति निर्दोष साबित होता है, तो माफी मांगने के बजाय कहीं कोने में एक छोटी सी खबर चलाकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। टीवी शो के नाम का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज कसा कि चैनल पर चाहे 5 की जगह 500 भविष्यवाणियां करवा ली जाएं, उन्हें चुनौतियां स्वीकार करना बेहद पसंद है और वे हर चुनौती का डटकर मुकाबला करेंगे।