कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को नई दिल्ली में अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग' के आधिकारिक विमोचन समारोह में बताया कि उन्होंने यह किताब क्यों लिखी। उन्होंने कहा कि पिछले कई सालों में उनके परिवार के बारे में बहुत सी ऐसी बातें कही गईं जो सच से परे थीं और जिनसे उन्हें गहरा दुख पहुंचा। उन्हें लगा कि यह किताब अपनी बात दुनिया के सामने रखने का सही माध्यम है।
सोनिया गांधी ने बताया कि उनके कई दोस्तों ने उन्हें अपनी जीवन यात्रा पर किताब लिखने के लिए प्रेरित किया, हालांकि शुरुआत में वे अपनी भावनाएं सार्वजनिक करने में झिझक रही थीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनकी करीबी दोस्त मंजुलिका उन्हें लगातार लिखने के लिए कहते रहे, और आखिरकार वे मान गईं। उन्होंने कहा कि उनकी सास इंदिरा गांधी, बेटे और बेटी को लेकर बहुत कुछ कहा जाता रहा है और उसमें से ज्यादातर बातें बेबुनियाद हैं।
किताब का नाम 'बिलॉन्गिंग' चुनने की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि यह शब्द एक ऐसे देश और संस्कृति में खुद को ढालने और स्वीकार किए जाने की उनकी कोशिशों को बयां करता है, जो शुरुआत में उनके लिए बिल्कुल अनजान थी। इटली से भारत आने के अपने शुरुआती अनुभवों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि एक बाहरी व्यक्ति होने के नाते उन पर हमेशा खुद को साबित करने और गलतियों से बचने का दबाव रहता था।
सोनिया गांधी ने कहा कि किसी नए माहौल में स्वीकार किए जाने का यह संघर्ष सिर्फ उन्हीं का नहीं था, बल्कि भारत की अनगिनत महिलाएं शादी के बाद जब अपने ससुराल जाती हैं, तो उन्हें भी इसी तरह के अनुभव से गुजरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि एक अलग सामाजिक और सांस्कृतिक माहौल से आने के कारण उनके लिए यह सफर थोड़ा और कठिन रहा होगा, लेकिन भारतीय लड़कियों के लिए भी ससुराल में जगह बनाना उतना ही चुनौतीपूर्ण होता है।
