उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच मंगलवार को नई दिल्ली में सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत शुरू होगी। प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग करते हुए अपनी सूची सौंपी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव का कहना है कि संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में जिस पार्टी की जीतने की स्थिति मजबूत होगी, उसे ही सीट दी जाएगी।
इस बीच कांग्रेस ने भी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इसमें पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक 10, राजाजी मार्ग पर हुई, जिसमें कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए।
बैठक के बाद खरगे ने कहा कि चर्चा का केंद्र उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव रहे। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएंगे। सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग बदलाव चाहते हैं और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित समुदायों के अधिकारों की मजबूत सुरक्षा की अपेक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी।
कांग्रेस ने आगामी पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को पांच राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटियां गठित की गईं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन पैनल का नेतृत्व करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को नियुक्त किया है। उत्तर प्रदेश के लिए अजय माकन अध्यक्ष तथा असलम शेख और बी.वी. श्रीनिवास सदस्य हैं। पंजाब के लिए डॉ. सिरिवेलला प्रसाद अध्यक्ष तथा सचिन सावंत और निवेदिथ अल्वा सदस्य, उत्तराखंड के लिए दीपा दासमुंशी अध्यक्ष तथा अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया सदस्य, गोवा के लिए के.जे. जॉर्ज अध्यक्ष तथा सतेज डी. पाटिल और शफी परम्बिल सदस्य और मणिपुर के लिए बी.एम. संदीप अध्यक्ष तथा हिबी ईडन और राजेश ठाकुर सदस्य नियुक्त किए गए हैं।
