तमिलनाडु में सत्तारूढ़ TVK सरकार पर दबाव बढ़ता दिख रहा है। विपक्षी दल DMK के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दावा किया है कि राज्य में जल्द ही उनकी सरकार बनने वाली है। स्टालिन का यह बयान ऐसे समय आया है जब मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय दिल्ली में थे और खबरें आई थीं कि उन्होंने अपने विधायकों के साथ बैठक कर उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी है।
सोमवार को स्टालिन डीएमके नेता केएन नेहरू के परिवार में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनके समर्थक उन्हें अब भी 'मुख्यमंत्री' कहकर बुलाते हैं, जबकि फिलहाल उनके पास कोई आधिकारिक पद नहीं है। उन्होंने कहा कि मौजूदा TVK शासन खराब प्रशासन दे रहा है और द्रमुक जल्द ही सरकार बनाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि विपक्षी दल नए फ्लोर टेस्ट की मांग कर सकते हैं। हालांकि, TVK या तमिलागा वेत्री कझगम ने इस मामले पर औपचारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।
इंडियन एक्सप्रेस की 12 नवंबर की एक रिपोर्ट के अनुसार, विजय ने अपने विधायकों से मुलाकात की थी। यह बैठक करीब तीन घंटे चली थी और विजय ने विधायकों से व्यक्तिगत रूप से बात की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, विधायकों को बताया गया है कि 13 मई से 13 नवंबर तक अविश्वास प्रस्ताव को छह महीने पूरे हो चुके हैं और इसके बाद कभी भी एक और अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। विधायकों से कहा गया है कि सरकार के पास इनपुट्स हैं कि विपक्ष सत्तारूढ़ दल के नेताओं को अपने पाले में लाने की कोशिश कर सकता है। आरोप लगाए गए थे कि DMK और AIADMK दिल्ली में राजनीतिक ताकतों की मदद से ऐसा कर सकते हैं। विधायकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि 4 मई को तमिलनाडु विधानसभा के नतीजे घोषित हुए थे और उसके कुछ दिनों बाद ही विजय सरकार को फ्लोर टेस्ट का सामना करना पड़ा था। स्टालिन ने अक्टूबर में कहा था कि मौजूदा सरकार शायद छह महीने भी पूरे न कर सके। सोमवार को विजय दिल्ली में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। बता दें कि राज्य में बहुमत से चूकी TVK को समर्थन देकर सरकार बनाने में कांग्रेस ने अहम भूमिका निभाई थी और उसे लेफ्ट समेत कई दलों का समर्थन हासिल है।
