कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर की स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। इन कमेटियों को चुनाव से पहले उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में अहम जिम्मेदारी दी जाएगी।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और कोषाध्यक्ष अजय माकन को उत्तर प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। इस कमेटी में असलम शेख और बीवी श्रीनिवास सदस्य होंगे। पंजाब की जिम्मेदारी सिरिवेला प्रसाद को सौंपी गई है, जबकि सचिन सावंत और निवेदिथ अल्वा सदस्य की भूमिका निभाएंगे। उत्तराखंड में पार्टी महासचिव दीपा दासमुंशी की अध्यक्षता वाली कमेटी में अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया शामिल किए गए हैं।

गोवा में कर्नाटक के मंत्री केजे जॉर्ज के नेतृत्व वाली स्क्रीनिंग कमेटी में सतेज डी पाटिल और शफी परंबिल सदस्य होंगे। मणिपुर में बीएम संदीप को अध्यक्ष बनाया गया है और इस कमेटी में हिबी ईडन और राजेश ठाकुर को सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा संबंधित राज्यों के प्रभारी एआईसीसी महासचिव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और राज्य प्रभारी महासचिव से जुड़े एआईसीसी सचिव भी इन कमेटियों के पदेन सदस्य होंगे।

इस बीच उत्तराखंड की राजनीति को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सोमवार को दिल्ली में खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। रावत ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर अपना नजरिया पार्टी अध्यक्ष के सामने रखा। इससे पहले 11 नवंबर को रावत ने कहा था कि अगर 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता में आती है तो वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं और पार्टी का लक्ष्य विधानसभा में 45 विधायकों का आंकड़ा पार करना है।