गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोमवार को तमिलनाडु स्थित ऑरोविल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यहां की सांस्कृतिक विरासत, साउंड थेरेपी और मातृमंदिर की गतिविधियों को देखा। संघवी ने यहां चल रही साउंड थेरेपी पहल को गुजरात में भी शुरू करने और इसका विस्तार करने की बात कही।
दौरे के दौरान ऑरोविल फाउंडेशन की सचिव और गुजरात सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जयंत एस. रवि तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक वीपी रामलिंगम भी मौजूद रहे। संघवी ने सबसे पहले यूनिटी पवेलियन का दौरा किया, जहां उन्हें विश्व एकता के प्रतीक पीस टेबल और कलाकृतियों के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने सावित्री भवन में श्री अरविंद के विचारों और दर्शन को समझा। श्री अरविंद और तमिल कवि सुब्रमण्यम भारती के संबंधों के साथ तमिल साहित्य के प्रति उनकी रुचि पर भी प्रकाश डाला गया।
संघवी ने पारंपरिक ध्वनि चिकित्सा में इस्तेमाल होने वाले वाद्य यंत्रों को देखा और उन्हें बनाने वाले कारीगरों से बातचीत की। केंद्र में ध्वनि और संगीत के जरिये स्वास्थ्य एवं मानसिक शांति से जुड़े प्रयोग किए जाते हैं। इस अनुभव को गुजरात में भी पहुंचाने और इसका विस्तार करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने ऑरोविल बेकरी का भी दौरा किया और मातृमंदिर में ध्यान किया।
इस बीच, सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को एक अप्रत्याशित घटना हुई। एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के खिलाफ तीखी और आपत्तिजनक टिप्पणी की। वकील ने कहा कि वह इस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते और इसके योग्य नहीं हैं। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने वकील को कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया। कुछ अन्य वकीलों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना उस समय हुई, जब वकील अचानक सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ के सामने खड़े हो गए और अपने मामले की जल्द सुनवाई की मांग करने लगे। वकील ने कहा कि उन्होंने 2 नवंबर को सीजेआई के कार्यालय में अपने मामले की जल्द सुनवाई के लिए आवेदन दिया था, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। वह अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले को लेकर नाराज थे। शुरुआत में वकील ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना दोपहर दो बजे मामले का उल्लेख करने के लिए माफी मांगी। इस पर जस्टिस मोहना ने उन्हें टोका और कहा कि वह इस तरह कुछ नहीं कह सकते। सीजेआई ने कहा कि वह देखेंगे और वकील को इंतजार करना चाहिए। लेकिन वकील नहीं माने और उन्होंने कहा कि वह इंतजार नहीं करेंगे। इसके बाद उन्होंने सीजेआई के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी कर दी।
