मद्रास हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति जीआर स्वामीनाथन ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के सांसद सु. वेंकटेशन की जीवनशैली पर सवाल उठाए हैं। यह टिप्पणी अदालत में चल रही एक अवमानना याचिका की सुनवाई के दौरान आई। मामला तमिलनाडु के सार्वजनिक पुस्तकालयों के लिए किताबें खरीदने में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है।
सुनवाई के दौरान जस्टिस स्वामीनाथन ने कहा कि सांसद महंगी मर्सिडीज-बेंज कार से चलते हैं, ब्रांडेड कपड़े पहनते हैं और फर्स्ट एसी में सफर करते हैं, लेकिन वह उन्हें न्यायिक कर्तव्यों का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सांसद ने हाल ही में उनकी उस टिप्पणी पर सवाल उठाए थे, जिसमें उन्होंने कथित फर्जी किताबों की खरीद के प्रायश्चित के तौर पर पेरियार लाइब्रेरी में आध्यात्मिकता से जुड़ी किताबें रखने का सुझाव दिया था।
न्यायाधीश ने करीब छह महीने पहले चेन्नई रेलवे स्टेशन पर हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, उन्होंने स्टेशन के बाहर एक मर्सिडीज-बेंज कार देखी थी और बाद में पता चला कि उससे सांसद वेंकटेशन बाहर आ रहे थे। जस्टिस स्वामीनाथन ने कहा कि वह चेन्नई से मदुरै जाने के लिए पांडियन एक्सप्रेस पकड़ने पहुंचे थे और उनकी सीट स्लीपर क्लास के एस3 कोच में 23 नंबर पर थी, जबकि सांसद फर्स्ट एसी में सफर कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सांसद उन्हें बता रहे हैं कि एक जज के तौर पर उन्हें क्या करना चाहिए।
यह विवाद कोयंबटूर स्थित पेरियार अरिवुलागम लाइब्रेरी के लिए कथित फर्जी किताबों की खरीद से जुड़ा है। एक पुस्तक विमोचन समारोह में जस्टिस स्वामीनाथन ने इस मामले पर टिप्पणी की थी और आध्यात्मिक किताबें रखने का सुझाव दिया था। सांसद सु. वेंकटेशन ने उनकी इस टिप्पणी की आलोचना की थी। अब अवमानना याचिका की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति ने सांसद पर पलटवार किया और उनकी सलाह को उनकी जीवनशैली से जोड़कर सवाल उठाए।
