कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' का सोमवार, 16 नवंबर को नई दिल्ली में औपचारिक विमोचन हुआ। समारोह में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ 'इंडिया' गठबंधन के प्रमुख नेता भी शामिल हुए। इस बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी चर्चा का विषय रही, क्योंकि वह फिलहाल भाजपा के सदस्य हैं और इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं।
कैप्टन की यह मौजूदगी ऐसे समय सामने आई है, जब सोनिया गांधी की किताब में किए गए दावों को लेकर भाजपा उन पर और कांग्रेस पर हमलावर है। इससे पहले भी कैप्टन लगातार भाजपा में अनदेखी की बात करते और कांग्रेस की तारीफ करते रहे हैं। वह गांधी परिवार के काफी करीबी रहे हैं, इसलिए गांधी परिवार के इस कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने पंजाब की सियासत में नई चर्चाएं छेड़ दी हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह के पिछले कुछ समय से कांग्रेस में वापसी की चर्चा जोरों पर है, लेकिन फिलहाल इस पर संस्पेंस बरकरार है। पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट ने हाल ही में कहा था कि कैप्टन का कद बहुत बड़ा है और राजनीति में कुछ भी संभव है। पायलट ने स्पष्ट किया था कि इस मुद्दे पर उनकी कैप्टन से कोई व्यक्तिगत बातचीत नहीं हुई है और न ही हाईकमान से इस बारे में कोई चर्चा हुई है। उन्होंने कहा था कि वह नहीं जानते कि कैप्टन क्या सोच रहे हैं, इसलिए अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। वहीं, राहुल गांधी जेन-जी से इंट्रैक्शन में कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना फेवरेट लीडर बता चुके हैं।
पुस्तक विमोचन समारोह में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके नेता सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला भी शामिल हुए। इनके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले, कांग्रेस कार्य समिति के कई सदस्य, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' बीते 10 नवंबर को पाठकों के लिए उपलब्ध हुई थी, जिसमें उन्होंने अपने जीवन के व्यक्तिगत और राजनीतिक अनुभवों का वर्णन किया है।
