सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्चिंग इवेंट में राहुल गांधी ने पहली बार अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया। जब उनसे पूछा गया कि अब वह गर्लफ्रेंड कहां है, तो राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा कि अब वह उनकी दोस्त हैं। राहुल ने बताया कि कैम्ब्रिज में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वह उसी यूनिवर्सिटी रेस्टोरेंट में गए थे, जहां उनके माता-पिता राजीव और सोनिया पहली बार मिले थे। उन्होंने बताया कि वेटर ने उन्हें ‘चिकन चैसर’ लेने की सलाह दी, जिसके बाद राहुल ने मजाक में कहा कि अगर प्यार में पड़ना है तो यूनिवर्सिटी रेस्टोरेंट जाइए, लेकिन वहां ‘चिकन चैसर’ मत खाइये। राहुल ने सोनिया की ओर इशारा करते हुए कहा कि उन्हें शायद याद है कि खाना बहुत ही खराब था।
कार्यक्रम में राहुल ने अपने परिवार के दो महत्वपूर्ण सहारे खोने का जिक्र करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की मौत के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। राहुल ने कहा कि यह उनके लिए बहुत डरावना समय था, क्योंकि उन्हें पता था कि ऐसा होने वाला है। उन्होंने कहा कि किताब का नाम ‘बिलॉन्गिंग’ है, क्योंकि सोनिया अपने पति से जुड़ी थीं और राजीव उनसे जुड़े थे। राहुल ने कहा कि फिर उनके पिता चले गए और सोनिया ने एक अलग यात्रा शुरू की। मौज-मस्ती करने वाली और मुस्कुराने वाली मां गायब हो गईं और एक नई मां सामने आई।
राहुल ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि उन्हें कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक रखने के सख्त निर्देश मिले थे और वह उनका पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि एक बेटे के रूप में उन्हें लगा कि उनमें से किसी एक को अपनी मां की थोड़ी झलक लोगों के सामने दिखानी चाहिए। इवेंट के बाद एक्स पर एक पोस्ट में राहुल ने बताया कि इस दौरान बचपन से अब तक की कई यादें ताजा हो गईं।
हार्परकॉलिन्स इंडिया के सीईओ अनंत पद्मनाभन के अनुसार, एक हफ्ते से भी कम समय में सोनिया गांधी की किताब की दो लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। यह किताब 10 नवंबर को मार्केट में लॉन्च की गई थी। उन्होंने बताया कि किताब के रिलीज होने के दिन 10 मिनट से भी कम समय में 15,000 से ज्यादा कॉपियां डिलीवर कर दी गईं। इंडस्ट्री के जानकारों के अनुसार, भारत में आमतौर पर किसी किताब की 10,000 से ज्यादा कॉपियां बिकने पर उसे बेस्टसेलर माना जाता है।
