महाराष्ट्र में एनसीपी में विलय की अटकलों के बीच अब शिवसेना को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने कहा है कि शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) विलय कर सकती है, हालांकि पार्टी ने इसके लिए एक शर्त भी रखी है। बता दें कि साल 2022 में शिवसेना में टूट हुई थी, जिसके बाद दल का नाम और चुनाव चिह्न एकनाथ शिंदे गुट को मिला था।

केंद्रीय मंत्री प्रताप जाधव ने प्रस्ताव रखा है कि शिवसेना यूबीटी उनके साथ शामिल हो सकती है। इस पर उद्धव ठाकरे की पार्टी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। जाधव ने विलय को लेकर एक शर्त भी रखी है। उन्होंने कहा कि उनके पूर्व के नेता पार्टी की नीतियों से दूर हो गए थे और वे एकनाथ शिंदे के साथ चले गए, जो बालासाहब के आदर्शों का पालन कर रहे हैं। अगर दूसरे समूह के लोग भी बालासाहब के आदर्शों को मानते हैं, तो उनका स्वागत है। शिंदे गुट आरोप लगाता रहा है कि उद्धव समूह बालासाहब ठाकरे की नीतियों से दूर हो गया है।

शिवसेना नेता चंद्रकांत रघुवंशी ने भी ऐसी संभावनाएं जताई हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि दोनों साथ आएंगे या नहीं, लेकिन जब सेना टूटी थी तो उन्होंने पहले ही दिन कहा था कि ऐसी स्थिति नहीं बननी चाहिए थी। उनके मुताबिक, अगर उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे साथ आते हैं, तो वो असली दिवाली होगी। सांसद ओमराज निम्बालकर ने भी कहा कि अगर दो सेनाएं साथ आती हैं, तो आम आदमी को फायदा होगा।

इस बीच शिवसेना यूबीटी एनसीपी विलय की अटकलों को लेकर वरिष्ठ नेता शरद पवार पर निशाना साध रही है। पार्टी नेता संजय राउत का कहना है कि इससे पवार की छवि को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि शरद पवार और उनकी पार्टी महा विकास आघाडी और इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं और अफवाहें इस वरिष्ठ नेता की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। वहीं, एनसीपी विलय को लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं है। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की एनसीपी का कहना है कि इसपर उनके फैसला लेने तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता, जबकि शरद पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ऐसे किसी प्रस्ताव से इनकार कर रही हैं।