आगरा के पुलिस लाइन मैदान में रविवार शाम 'सिविल डिफेंस एयर रेड, ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026' आयोजित की गई। प्रमुख सचिव (नागरिक सुरक्षा) के निर्देश और जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में हुए इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखना था।
अभ्यास शाम छह बजे हवाई हमले की चेतावनी देने वाले लंबे सायरन के साथ शुरू हुआ। सायरन बजते ही टोरेंट पावर ने आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। मैदान में मौजूद नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों ने सुरक्षित शेल्टर में जाकर बचाव का अभ्यास किया। पांच मिनट बाद खतरे के टलने का संकेत देने वाला सायरन बजा और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
इसके बाद राहत और बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन विभाग की टीमों ने आग पर काबू पाया, जबकि नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और एनसीसी-एनएसएस कैडेटों ने घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एम्बुलेंस से घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया और पुलिस ने यातायात व शांति व्यवस्था संभाली।
प्रशासन ने अफवाहों से बचने के लिए आसपास के लोगों को पहले ही बता दिया था कि यह मॉक ड्रिल है। इस दौरान एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार, एसीपी अमीषा व प्रीता, उप नियंत्रक मुनेश कुमार गुप्ता, सहायक उप नियंत्रक गुलाम नबी, डिप्टी चीफ वार्डन भूपेंद्र शिवहरे सहित शिक्षा और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
