अक्सर लोग असफलता को नियति का लिखा मानकर हार मान लेते हैं और यह सोचते हैं कि भाग्य बदला नहीं जा सकता। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने इस भ्रम का समाधान देते हुए कहा है कि मनुष्य अपने कर्मों और प्रयासों से अपनी किस्मत बदल सकता है। गीता का छठा अध्याय, पांचवां श्लोक आत्म-उत्थान और स्वयं पर भरोसे का संदेश देता है।
श्लोक है— उद्धरेदात्मनात्मानं नात्मानमवसादयेत्। आत्मैव ह्यात्मनो बन्धुरात्मैव रिपुरात्मनः॥ इसका अर्थ है कि मनुष्य को अपने प्रयासों से अपना उत्थान करना चाहिए और खुद को नीचे नहीं गिराना चाहिए, क्योंकि मनुष्य स्वयं ही अपना मित्र और स्वयं ही अपना शत्रु है।
यह उपदेश श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र में अर्जुन को उस समय दिया जब वे अपने ही परिजनों और गुरुओं को युद्धभूमि में देखकर मोह, विषाद और मानसिक दुविधा से घिर गए थे। अर्जुन को मानसिक रूप से मजबूत करने के लिए कृष्ण ने यह बात कही।
इस श्लोक के माध्यम से श्रीकृष्ण बताते हैं कि व्यक्ति को परिस्थितियों के सामने हार नहीं माननी चाहिए। उसके विचार, निर्णय और कर्म जीवन की दिशा तय करते हैं। निराशा और नकारात्मक सोच में उलझा व्यक्ति अपनी क्षमताओं का पूरा उपयोग नहीं कर पाता, जबकि आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ किए गए प्रयास उसे आगे बढ़ने की शक्ति देते हैं। सफलता के लिए अपनी क्षमताओं को पहचानना और दूसरों पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय स्वयं प्रयास करना जरूरी है। बड़ी असफलता मिलने पर भी खुद को कमजोर न समझें, बल्कि गलतियों से सीख लेकर दोबारा आगे बढ़ें। भाग्य के भरोसे बैठने के बजाय कर्म और प्रयास पर ध्यान देने से जीवन में सफलता हासिल की जा सकती है।
