नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को अपनी पहली भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। हवाई अड्डे पर केंद्रीय वाणिज्य राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। दौरे का पहला आधिकारिक कार्यक्रम विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक रहा। बैठक के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को संजोकर रखता है। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने कनेक्टिविटी, व्यापार, ट्रांजिट, वाणिज्य, ऊर्जा, संस्कृति, शिक्षा और लोगों के आपसी संपर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शाह की पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी। दोनों नेताओं के बीच पहले फोन पर बातचीत और सोशल मीडिया के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान हो चुका है। इस वार्ता से ऊर्जा, कनेक्टिविटी, रेलवे, बुनियादी ढांचे, तकनीक, मानव संसाधन विकास और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा आने वाले वर्षों के लिए द्विपक्षीय साझेदारी की रूपरेखा तय होने की उम्मीद है। मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, दोनों प्रधानमंत्री भारत के सहयोग से पूरी हुई कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करेंगे और कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें विकास सहयोग, जलविद्युत, रेलवे, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और तकनीक से जुड़े कई समझौते किए जाएंगे। अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल लिंक का भी अनावरण होने की उम्मीद है।
शाह के साथ 35 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है, जिसमें विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, प्रधानमंत्री के वरिष्ठ सलाहकार और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल हैं। यात्रा के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें शाह द्वारा भारत से अधिक निवेश आकर्षित करने की उम्मीद है। जानकारों के मुताबिक, यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति, बुनियादी ढांचे के विस्तार, तकनीक अपनाने और प्राकृतिक आपदाओं जैसी चुनौतियों से निपटने के मामले में दोनों देशों की प्राथमिकताओं में काफी समानता है। भारतीय पक्ष ने द्विपक्षीय संबंधों के दीर्घकालिक विकास के लिए एक जॉइंट विजन का प्रस्ताव रखा है, जबकि नेपाल ने 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज की मांग की है, जिसमें अगस्त में भोटे कोसी नदी में अचानक आई बाढ़ से तबाह हुए इलाकों के पुनर्निर्माण के लिए 1 अरब डॉलर का अनुदान और सहायता राशि शामिल है। नेपाल ने काठमांडू-महेंद्रनगर एयर कॉरिडोर को दोनों तरफ से खोलने की भी मांग की है।
भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा, आपसी विश्वास, साझा परंपराओं और लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित व्यापक संबंध हैं। दोनों देशों के बीच 40 से अधिक द्विपक्षीय संस्थागत तंत्र काम कर रहे हैं। भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापार, पारगमन और निवेश साझेदार है। नेपाल को भारतीय बाजारों में शुल्क-मुक्त पहुंच प्राप्त है और उसका लगभग 80 प्रतिशत निर्यात भारत को ही होता है। नेपाल में कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का लगभग एक-तिहाई हिस्सा भारत से आता है। भारत ने नेपाल के 74 जिलों में 1,662 करोड़ नेपाली रुपये से अधिक की लागत वाली 600 से ज्यादा सामुदायिक विकास परियोजनाएं लागू की हैं। साल 2015 के गोरखा भूकंप के बाद भारत ने नेपाल को व्यापक सहायता दी थी, जिसके तहत 50,000 घरों, 71 शैक्षणिक परियोजनाओं और 128 स्वास्थ्य केंद्रों का पुनर्निर्माण किया गया। इसी तरह, इस साल अगस्त में आई बाढ़ के बाद भी भारत ने 140 टन आपातकालीन राहत सामग्री भेजकर मानवीय सहायता प्रदान की थी।
