श्रीनगर गढ़वाल के पौराणिक कमलेश्वर महादेव मंदिर में ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी पर्व पर सोमवार को खड़ा दीया अनुष्ठान शुरू हुआ। गोधूलि बेला में मंदिर के महंत आशुतोष पुरी ने निसंतान दंपतियों को श्रीफल प्रदान कर अनुष्ठान का शुभारंभ कराया। इसके बाद दंपति रातभर हाथों में जलता दीपक लेकर खड़े रहकर भगवान शिव की आराधना करेंगे। धार्मिक मान्यता है कि इस अनुष्ठान में श्रद्धापूर्वक शामिल होने वाले दंपतियों की संतान प्राप्ति की मनोकामना पूर्ण होती है।

इस वर्ष अनुष्ठान में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न शहरों से 209 निसंतान दंपतियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें चंडीगढ़, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, देहरादून, दिल्ली और मेरठ सहित कई शहरों के दंपति शामिल हैं। मंगलवार तड़के दंपति स्नान के बाद हवन में शामिल होंगे, जिसके बाद उन्हें श्रीफल प्रदान किया जाएगा और प्रसाद वितरण होगा।

बैकुंठ चतुर्दशी पर श्रीनगर और आसपास के गांवों के श्रद्धालु भी मंदिर पहुंचकर पूरे वर्ष की सुख-समृद्धि और शांति की कामना के साथ 365 बत्तियां प्रज्ज्वलित करेंगे। चतुर्दशी तिथि सोमवार तड़के दो बजे से सोमवार मध्यरात्रि 12 बजे तक रहेगी। महंत के अनुसार अनुष्ठान को लेकर मंदिर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

23 नवंबर से दो दिसंबर तक आयोजित होने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी को लेकर श्रीनगर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में जुटी है। मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है। बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, श्रमिकों, फड़-फेरी लगाने वालों और अस्थायी रूप से कार्य करने वाले व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है।