हिमाचल प्रदेश सरकार परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एचआरटीसी के बेड़े में 1000 नई इलेक्ट्रिक और 250 डीजल बसें शामिल करेगी। दुर्गम और संकरे मार्गों के लिए 100 मिनी बसें भी खरीदी जाएंगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल में यह जानकारी दी। वह विधायक रणधीर शर्मा, संजय अवस्थी और डॉ. हंसराज के सवालों का जवाब दे रहे थे।

उपमुख्यमंत्री के मुताबिक, एचआरटीसी के बेड़े से हटे 366 में से प्रदेश के 242 बंद रूटों में से अधिकांश फिर से शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में डीजल बसों के बिना परिवहन व्यवस्था चलाना संभव नहीं है। चंबा जैसे दुर्गम जिलों में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन व्यावहारिक नहीं है, इसलिए वहां डीजल बसें दी जाएंगी।

अग्निहोत्री के अनुसार, डीजल बस का संचालन खर्च 86 रुपये प्रति किलोमीटर और इलेक्ट्रिक बस का 67 रुपये प्रति किलोमीटर है। इलेक्ट्रिक बसें उन्हीं रूटों पर चलेंगी, जहां चार्जिंग सुविधा उपलब्ध है। प्रदेश में फिलहाल 52 चार्जिंग स्टेशन हैं। पहाड़ी सड़कों की जरूरत को देखते हुए इलेक्ट्रिक बसों का फ्लोर ऊंचा रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार ने बसों की आपूर्ति में देरी करने वाली कंपनी पर 27 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। दिल्ली के रूट पर बीएस-6 श्रेणी की बसें अनिवार्य हैं। एचआरटीसी के पास फिलहाल ऐसी बसों की कमी है, इसलिए दिल्ली के कई बंद रूट तत्काल बहाल नहीं हो सकते। नई बसों की खेप आने पर यह समस्या दूर होगी।