सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीपीआई (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह से अलग-अलग मुलाकात की। ये मुलाकातें गुरुवार और शुक्रवार को हुईं। इससे यूपी की राजनीति में सियासी पारा चढ़ गया है। चर्चा है कि इन मुलाकातों में सीट बंटवारे पर भी बात हुई, हालांकि किसी भी पक्ष की ओर से इस संबंध में कोई बयान नहीं दिया गया है।

सीपीआई (माले) के एक्स हैंडल पर पोस्ट में कहा गया कि दीपांकर भट्टाचार्य, उत्तर प्रदेश सचिव सुधाकर यादव, पोलित ब्यूरो सदस्य रामजी राय और एन. साई बालाजी ने गुरुवार को सपा मुख्यालय पर अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने उत्तर प्रदेश में बन रहे राजनीतिक हालात की जानकारी ली और अहम मुद्दों पर चर्चा की। इंडी गठबंधन को मजबूत करने तथा राजनीतिक बदलाव के लिए चुनाव को एक बड़े जन आंदोलन में बदलने के तरीकों पर भी बात हुई। सपा प्रमुख ने भी एक्स पर फोटो पोस्ट कर मुलाकात को विशेष बताया।

शुक्रवार को संजय सिंह ने भी अखिलेश यादव से मुलाकात की। संजय सिंह ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने सपा प्रमुख को अपनी पुत्री के विवाह का निमंत्रण दिया और कई अहम मुद्दों पर चर्चा भी की। सूत्रों के मुताबिक दोनों मुलाकातों में सीट बंटवारे की संभावनाएं तलाशने पर चर्चा हुई। इन चर्चाओं में विपक्ष के चुनावी अभियान में ''काकरोच जनता पार्टी'' के प्रमुख चेहरों को शामिल करने की संभावना पर भी बात हुई है। पिछले दिनों सीजेपी नेता आशुतोष रांका भी सपा प्रमुख से मिल चुके हैं।

फिलहाल दोनों दल कांग्रेस के साथ सपा का सीट बंटवारा फाइनल होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद अपने लिए सपा के साथ सीटों की संभावना तलाशी जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी आप और सपा के साथ लड़ने की चर्चाएं हुई थीं, हालांकि सीटों पर सहमति न बनने के कारण बाद में आप अकेले लड़ी थी और एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।