अगर आप परिवार के रोजमर्रा के कामों या डेली कम्यूट के लिए किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने की सोच रहे हैं, तो Ampere Nexus एक विकल्प हो सकता है। कंपनी का दावा है कि यह स्कूटर एक बार फुल चार्ज पर 136 किमी की रेंज देता है, जिससे बार-बार चार्जिंग की परेशानी कम हो जाती है। इसमें रिवर्स असिस्ट मिलता है, जो इसे हर उम्र के लोगों के लिए आसान बनाता है।
स्कूटर में 5kW पीक और 4kW नॉमिनल रेटिंग वाली मिड-माउंट PMSM मोटर दी गई है, जो IP67 रेटेड है। मोटर टॉर्क 45Nm है और पीक व्हील टॉर्क 202Nm तक जाता है। पावर मोड में इसकी टॉप स्पीड 93 किमी प्रति घंटे तक बताई गई है। इसमें 3kWh की लिथियम आयरन फॉस्फेट बैटरी मिलती है। साथ आने वाले 750W चार्जर से 0-80% चार्जिंग में करीब 3 घंटे 10 मिनट और फुल चार्जिंग में तकरीबन 4 घंटे लगते हैं। स्कूटर में Eco, City, Power और Reverse मोड्स के अलावा Limp Home मोड भी शामिल है।
इसका कर्ब वेट करीब 126 किग्रा है। डाइमेंशन की बात करें तो लंबाई 1,900mm, चौड़ाई 721mm और ऊंचाई 1,152mm है। सीट हाइट 712mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 170mm है, जिससे खराब रास्तों पर चलाने में ज्यादा दिक्कत नहीं होती। इसमें 235mm का फ्लोरबोर्ड स्पेस और 22 लीटर का अंडरसीट स्टोरेज दिया गया है। आगे टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे ड्यूल शॉक एब्जॉर्बर्स मिलते हैं। ब्रेकिंग के लिए आगे डिस्क ब्रेक और पीछे ड्रम ब्रेक है। 12-इंच अलॉय व्हील्स पर आगे और पीछे 90/90-12 साइज के ट्यूबलेस टायर लगे हैं।
स्कूटर में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ब्लूटूथ/ऐप कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन असिस्ट, कॉल और मैसेज अलर्ट तथा OTA अपडेट्स मिलते हैं। Intellipack के जरिए जियो-फेंसिंग और Find My Scooter समेत 30 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स जुड़ते हैं। इसमें LED लाइटिंग, साइड-स्टैंड वॉर्निंग, हिल-होल्ड, रिवर्स असिस्ट, USB चार्जिंग पोर्ट और IP65 वॉटर रेसिस्टेंट चार्जर भी दिया गया है। बैटरी पर 5 साल या 75,000 किमी की वारंटी मिलती है, जबकि स्कूटर और चार्जर पर 3 साल या 30,000 किमी की वारंटी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1,29,999 रुपए से 1,35,999 रुपए तक है।
