बाहरी दिल्ली के थाना प्रेम नगर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एसीपी अमन विहार भास्कर शर्मा ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान दो बहनों के बीच जेवर को लेकर चल रहा विवाद सामने आया, जिसे पुलिस ने जांच के बाद सुलझा दिया। साथ ही जनसुनवाई में 15 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन भी लौटाए गए।
शिकायतकर्ता रीना ने बताया कि उसकी बहन सीमा ने उसके जेवर ले लिए हैं और वापस नहीं कर रही है। मामले की जांच की जिम्मेदारी हेड कांस्टेबल सुभाष को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि रीना का पति संजीत जेवर लेकर महाराष्ट्र चला गया है। जांच अधिकारी ने संजीत से फोन पर संपर्क किया, जिस पर संजीत ने जेवर वापस देने की बात कही।
आगे की जांच में पता चला कि सीमा ने रीना के जेवर पहले ही संजीत को लौटा दिए थे। रीना और उसके पति के बीच अनबन होने के कारण संजीत जेवर लेकर महाराष्ट्र चला गया था। पुलिस ने मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर विवाद का समाधान कराया।
जनसुनवाई में 15 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन भी लौटाए गए। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों ने दिल्ली पुलिस की इस पहल की सराहना की। एसीपी ने अन्य लोगों की शिकायतें भी सुनीं और थाना प्रभारी विक्रम सिंह को शिकायतों पर उचित कार्रवाई कर समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
