मुंबई पुलिस अब अपराधियों तक पहुंचने और अपराधों की कड़ियां जोड़ने के लिए एआई की मदद लेगी। इसके लिए ‘प्रत्यंचा’ नाम का एक विशेष फ्यूजन सेंटर शुरू किया गया है। यहां पुलिस और दूसरी सरकारी एजेंसियों के पास मौजूद अलग-अलग जानकारियों को एक जगह लाकर एआई के जरिए उनका विश्लेषण किया जाएगा। इससे अलग-अलग इलाकों में हुए अपराधों के बीच छिपे संबंधों का पता लगाने, एक ही गिरोह के अलग-अलग मामलों में शामिल होने की जानकारी जुटाने और अपराधियों तक तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी। मुंबई पुलिस के 50 हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारी भी एक डिजिटल मंच पर जुड़ेंगे।

मेगासिटी पुलिसिंग योजना के दूसरे चरण के तहत पुलिस के कामकाज से लेकर अपराधों की जांच और नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं तक को तकनीक से जोड़ने की तैयारी की गई है। मुंबई पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस करने के लिए शुक्रवार को कई नए प्रकल्प शुरू किए गए। मुख्यमंत्री और राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मलबार हिल स्थित सह्याद्री अतिथिगृह में इन प्रकल्पों का लोकार्पण किया। पुलिस प्रवक्ता डीसीपी राज तिलक रौशन ने बताया कि इन सुविधाओं के शुरू होने से पुलिस का कामकाज अधिक तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलेगी।

‘प्रत्यंचा’ का अर्थ धनुष की डोरी है। जिस तरह धनुष की डोरी अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर एक साथ ताकत पैदा करती है, उसी तरह यह सेंटर अलग-अलग जगहों पर मौजूद जानकारियों को एक साथ जोड़ने का काम करेगा। पुलिस के पास कई बार किसी अपराध से जुड़ी जानकारी एक थाने में होती है, जबकि उससे जुड़ा दूसरा सुराग किसी अन्य थाने या सरकारी एजेंसी के पास होता है। ऐसे में इन जानकारियों को आपस में जोड़ने में काफी समय लग जाता है। प्रत्यंचा के जरिए इस परेशानी को दूर करने की कोशिश होगी। इसमें उपलब्ध जानकारियों का एआई की मदद से विश्लेषण किया जाएगा, ताकि अपराधों के बीच समानता, आरोपियों के संपर्क, गिरोहों के काम करने के तरीके और दूसरे छिपे हुए संबंधों का पता लगाया जा सके। इससे जांच अधिकारियों को उन कड़ियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी, जो अलग-अलग मामलों को एक-दूसरे से जोड़ सकती हैं। इसका इस्तेमाल केवल पुराने अपराधों की जांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अपराधों को रोकने की रणनीति बनाने में भी किया जा सकेगा।

नागरिकों को पुलिस से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए ‘सिटिजन’ ऐप भी शुरू किया गया है। इस ऐप के जरिए लोग आपात स्थिति में एसओएस सहायता मांग सकेंगे। इसके अलावा पुलिस से जुड़ी अलग-अलग सेवाओं और जरूरी अनुमतियों के लिए भी मोबाइल से आवेदन किया जा सकेगा। इससे नागरिकों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए पुलिस कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और उन्हें घर बैठे कई सुविधाएं मिल सकेंगी।

पुलिसकर्मियों की असली पहचान सुनिश्चित करने और पुलिस की वर्दी या पहचान का गलत इस्तेमाल करने वालों पर लगाम लगाने के लिए ‘डिजीआईडी’ स्मार्ट पहचान पत्र शुरू किया गया है। इस कार्ड में एनएफसी और क्यूआर कोड की सुविधा होगी। इसके जरिए कोई भी अधिकृत तरीके से पुलिसकर्मी की पहचान डिजिटल रूप में जांच सकेगा। इसका फायदा यह होगा कि पुलिसकर्मी बनकर लोगों को डराने, उनसे पैसे वसूलने या धोखा देने वाले फर्जी लोगों की पहचान करना आसान होगा।

पुलिस विभाग के रोजमर्रा के कामकाज को भी डिजिटल बनाने के लिए मुंबई पुलिस इंटीग्रेटेड सिस्टम शुरू किया गया है। इसके जरिए विभाग की अलग-अलग प्रक्रियाओं को एक डिजिटल व्यवस्था के तहत लाया जाएगा। अभी कई कामों में कागजी रिकॉर्ड और फाइलों पर निर्भर रहना पड़ता है। नई व्यवस्था से कागजों का इस्तेमाल कम होगा और जरूरी काम तेजी से निपटाए जा सकेंगे। इससे विभाग के भीतर कामकाज की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच सुरक्षित संवाद के लिए ‘संवाद’ ऐप भी शुरू किया गया है। यह मुंबई पुलिस का अपना सुरक्षित मैसेंजर होगा। इसके जरिए पुलिसकर्मी और अधिकार