कई लोगों ने यह अनुभव किया होगा कि एक ही इत्र किसी पर बेहद खुशबूदार लगता है, जबकि किसी और पर उसकी महक खास नहीं लगती। इसका कारण सिर्फ इत्र की गुणवत्ता नहीं, बल्कि त्वचा की बनावट और उसकी रासायनिक प्रकृति भी है। विज्ञान में इसे स्किन केमिस्ट्री कहा जाता है, जो तय करती है कि कोई परफ्यूम त्वचा पर कैसी खुशबू बिखेरेगा और कितनी देर टिकेगा।

इत्र में खुशबूदार अणुओं को अल्कोहल में मिलाकर तैयार किया जाता है और इन्हें टॉप, मिडल और बेस नोट में बांटा जाता है। टॉप नोट सबसे पहले महसूस होते हैं और तेजी से उड़ जाते हैं, इसके बाद फूलों और फलों की महक वाले मिडल नोट उभरते हैं, जबकि मस्क, लकड़ी और रेजिन से जुड़े बेस नोट धीरे-धीरे खुलते हैं और लंबे समय तक बने रहते हैं। एडिथ कोवान यूनिवर्सिटी की शोधकर्ता मैग्डालेना वाजराक का कहना है कि त्वचा की नमी और तैलीयता इत्र के टिकने की अवधि को प्रभावित करती है। शुष्क त्वचा पर खुशबू जल्दी कमजोर पड़ सकती है, जबकि नम और तैलीय त्वचा पर परफ्यूम की महक अपेक्षाकृत लंबे समय तक बनी रह सकती है।

त्वचा का तापमान भी अहम है। गर्म त्वचा पर इत्र तेजी से वाष्पित होता है, जिससे शुरुआती खुशबू यानी टॉप नोट जल्दी गायब हो सकते हैं और मिडल व बेस नोट अपेक्षाकृत जल्दी महसूस होने लगते हैं। त्वचा का पीएच स्तर और उस पर मौजूद सूक्ष्मजीव, जैसे बैक्टीरिया या फंगस, भी खुशबू को प्रभावित कर सकते हैं। त्वचा का सामान्य पीएच लगभग 4.5 से 5.5 के बीच होता है और इसमें बदलाव कुछ खुशबुओं की अनुभूति पर असर डाल सकता है। त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया और फंगस पसीने तथा प्राकृतिक तेलों के साथ प्रतिक्रिया करते हैं, जिससे शरीर की अपनी गंध बनती है और इत्र की खुशबू के साथ मिलकर उसका असर बदल सकती है।

यही कारण है कि एक ही इत्र किसी पर ताजगी भरी खुशबू देता है, तो किसी दूसरे पर अधिक मीठा या तीखा महसूस हो सकता है। एक ही व्यक्ति पर भी इत्र की महक हर दिन एक जैसी नहीं रहती, क्योंकि खानपान, हार्मोन, शरीर में पानी की मात्रा और मौसम इसमें बदलाव ला सकते हैं। इत्र खरीदते समय केवल कागज की टेस्ट स्ट्रिप पर उसकी खुशबू सूंघकर फैसला न करने की सलाह दी जाती है, बल्कि उसे कलाई पर लगाकर कुछ घंटे तक देखना चाहिए। खुशबू को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए इत्र लगाने से पहले बिना खुशबू वाला माइस्चराइजर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।