मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदवां में होगी। तैयारियों के तहत लाखों रसगुल्ले और करीब 150 तरह के शाकाहारी व्यंजन बनाए जा रहे हैं। आयोजन में करीब चार लाख मेहमानों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है, जिसके लिए 12 बीघा जमीन पर पंडाल तैयार हो रहा है।
शादी में मिठाइयों की तैयारी शुरू हो चुकी है। रसगुल्लों के अलावा गुलाब जामुन, काजू का हलवा, मालपुआ, खाजा, जलेबी और बालूशाही समेत कई तरह की मिठाइयां परोसी जाएंगी। रसगुल्लों की संख्या को लेकर 50 लाख का दावा भी किया जा रहा है। भोजन के मेन्यू में लिट्टी-चोखा, शाही कोफ्ता, कश्मीरी पुलाव, पनीर की कई सब्जियां, इडली, डोसा, चाउमिन, तंदूरी रोटी और नान जैसे व्यंजन शामिल किए गए हैं। कुल मिलाकर करीब 150 तरह के व्यंजन तैयार होंगे और पूरा भोजन शाकाहारी रहेगा।
शादी समारोह के लिए करीब 12 बीघा जमीन पर पंडाल बनाया जा रहा है। जयमाला के लिए जयपुर के हवा महल की थीम पर लगभग 30 फीट ऊंचा मंच तैयार हो रहा है। पंडाल को गुलाबी और सफेद रंगों के संयोजन से सजाया जा रहा है। आयोजन में घुड़दौड़ भी होगी, जिसके विजेता को थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी।
अनंत सिंह के समर्थक जवाहर सिंह महोबिया ने इस आयोजन को लेकर उत्साह जताया है। उनका कहना है कि पूरे देश को निमंत्रण दिया गया है। दावा किया जा रहा है कि बिहार के अलावा दूसरे राज्यों से भी करीब चार लाख लोग इस आयोजन में पहुंच सकते हैं। सभी को खुला आमंत्रण है। अब सभी को 25 नवंबर का इंतजार है, जब नदवां में यह आयोजन होगा।
