पटना: बिहार सरकार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री और जेडीयू नेता डॉ. अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह इस्तीफा यूनिवर्सिटी प्रशासन को सौंपा है। माना जा रहा है कि सियासी विवाद और राजनीतिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है। इस्तीफे से पहले उन्होंने कानूनी सलाह भी ली। जानकारी के मुताबिक शनिवार को पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी के सिंडिकेट की बैठक के बाद उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाएगा।
डॉ. अशोक चौधरी ने इसी वर्ष फरवरी में एएन कॉलेज पटना में राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक के पद पर योगदान दिया था। मंत्री रहते हुए पद ग्रहण करने के बाद वे अगले ही दिन अवैतनिक अवकाश पर चले गए थे। नियम के मुताबिक प्रोबेशन पीरियड में सहायक प्राध्यापक को अवैतनिक अवकाश की सुविधा नहीं मिलती। मामला पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी के सिंडिकेट के पास आया, जिसने बिहार यूनिवर्सिटी अधिनियम के नियमों का हवाला देते हुए इसे मंजूर करने से इनकार कर दिया और मार्गदर्शन के लिए मामला राजभवन भेज दिया।
राजभवन की ओर से नियुक्ति को लेकर महाधिवक्ता से कानूनी राय मांगी गई थी। महाधिवक्ता ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से इस बात पर चर्चा की। इसके बाद यह मामला सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया और विपक्ष इस मुद्दे पर हमलावर हो गया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उनकी नियुक्ति को गलत बताते हुए उन्हें हटाने की मांग की थी। रोहिणी आचार्य ने कहा है कि अशोक चौधरी एक नहीं सात पदों पर बने रह सकते हैं।
डॉ. अशोक चौधरी को नीतीश कुमार का करीबी नेता माना जाता है। अशोक चौधरी को लेकर पार्टी के अंदर भी गुटबाजी की खबरें आई थीं। कई बार जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार पीके के आरोप लगाने के बाद अशोक चौधरी से जवाब की मांग कर चुके हैं। विपक्ष के तेवर और आलोचना को देखने के बाद अशोक चौधरी ने कानूनी राय ली और उसके बाद अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
