भारत से बिजली आपूर्ति पर निर्भर बांग्लादेश को अगले करीब 25 दिनों तक कम बिजली मिलेगी। झारखंड के गोड्डा स्थित अडानी पावर प्लांट की दो 800 मेगावॉट की इकाइयों में से एक आज आधी रात से रखरखाव के कारण बंद हो जाएगी। bdnews24.com की खबर के मुताबिक यह शटडाउन 18 दिसंबर तक चलेगा। प्लांट की दूसरी 800 मेगावॉट इकाई सामान्य रूप से चलती रहेगी।

अडानी पावर के अनुसार यह रखरखाव पहले से तय कार्यक्रम का हिस्सा है और बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड (BPDB) ने शटडाउन के लिए सहमति दी थी। रखरखाव में सर्विसिंग और निरीक्षण जैसे काम शामिल होंगे, ताकि भविष्य में तकनीकी दिक्कतें न आएं। बता दें कि सितंबर में एक इकाई में खराबी आई थी, जिसके बाद कुछ समय के लिए आपूर्ति घटा दी गई थी।

गौरतलब है कि बांग्लादेश की बिजली कंपनी ने 2017 में अडानी पावर के साथ 25 साल के लिए बिजली खरीद समझौता किया था। इस बीच बांग्लादेश में महंगाई और गारमेंट उद्योग के कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। राजनीतिक तौर पर भी उठापटक जारी है और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने वतन वापसी का ऐलान किया है। पिछले दिनों बंद के दौरान तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी देखी गईं। ऐसे में बिजली आपूर्ति घटने से प्रदर्शनों के दौरान लोगों का गुस्सा बढ़ सकता है।