बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित जीवनगीत कॉलोनी में किराए के फ्लैट में रहने वाले 38 वर्षीय कपिल बालियान ने रविवार देर रात खुद को अवैध देशी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव भौपुर निवासी कपिल बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण में ठेकेदारी के साथ प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री का काम करते थे। बताया जाता है कि घटना के समय वह मोबाइल पर किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार कपिल की पत्नी रंजना और दो बेटियां तीन दिन पहले ही गांव गई हुई थीं, जिसके चलते वह फ्लैट में अकेले थे। रात करीब साढ़े बारह बजे गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कपिल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध पिस्टल और मोबाइल आदि सामान बरामद किया है।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कपिल किससे वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। चर्चा है कि उनका नगर में स्थित रिश्तेदार के होटल में काम करने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या से ठीक पहले वह उसी युवती से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। हालांकि रिश्तेदार राजकुमार ने पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या किए जाने की बात कही है।

सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठेकेदार ने अवैध पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या की है। उन्होंने बताया कि कॉल डिटेल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।