छपरा सदर अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई (एमसीएचसी) में एक नवजात की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्वजन का आरोप है कि रात में अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने और स्पेशल न्यूबार्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में बेड खाली न रहने के कारण नवजात को समय पर इलाज नहीं मिल सका।

डोरीगंज थाना क्षेत्र के मूसेपुर निवासी रवि कुमार की पत्नी साक्षी कुमारी 21 नवंबर की रात प्रसव के लिए सदर अस्पताल पहुंची थीं। रात करीब एक बजे महिला चिकित्सक डॉ. सरिता ने उन्हें अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी, लेकिन रात में यह सुविधा उपलब्ध न होने के कारण जांच नहीं हो सकी। इसी दौरान उनका सामान्य प्रसव हुआ। स्वजन के अनुसार नवजात प्रीमेच्योर था और उसे विशेष चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत थी, लेकिन एसएनसीयू में एक भी बेड खाली नहीं था, जिससे उसे समय पर भर्ती कर उपचार नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई।

एमसीएचसी में 100 बेड का अस्पताल है, जबकि नवजातों के लिए एसएनसीयू में केवल 18 बेड संचालित हैं। इनमें नौ आउटबार्न और नौ इनबार्न नवजातों के लिए निर्धारित हैं। अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 20 से 25 प्रसव होते हैं, लेकिन एसएनसीयू की क्षमता नहीं बढ़ाई गई है और अक्सर सभी बेड भरे रहते हैं।

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. केएम दुबे ने बताया कि एसएनसीयू में नियमित रूप से शिशु रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाई जाएगी और रात में चिकित्सकों की आनकॉल ड्यूटी भी बंद की जाएगी।