पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत दौरे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को लेकर अपना रुख साफ नहीं करता और यह भरोसा नहीं देता कि वह आतंकवाद को बढ़ावा नहीं देगा या आतंकियों को पनाह नहीं देगा, तब तक उसके साथ बातचीत का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति ने पाकिस्तान की जमीन पर खड़े होकर सिंधु जल संधि को लेकर भड़काऊ और बेतुके बयान दिए, उसी की भारत में मेहमाननवाजी की जा रही है। उन्होंने इसे देश के साथ मजाक करार दिया और कहा, "अगर ऑपरेशन सिंदूर चालू है तो क्या दुश्मन को बुलाकर बिरयानी खिलाओगे। देश में क्या तमाशा देखने को मिल रहा है।"
इमरान मसूद का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत आए हैं। वह 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि तीन साल बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है। शुक्रवार शाम को पीएम मोदी ने पुराना किला परिसर में इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया था।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने भी पाकिस्तानी मंत्री के भारत दौरे को लेकर पीएम मोदी से जवाब मांगा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या पाकिस्तान के खिलाफ चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है या सरकार ने इसे रोक दिया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने पहले कहा था कि भारत की लड़ाई जारी रहेगी और अगर कोई घटना होती है तो ऑपरेशन सिंदूर भी जारी रहेगा। ऐसे में प्रधानमंत्री को देश के सामने साफ करना चाहिए कि इस अभियान की मौजूदा स्थिति क्या है। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक हमला हुआ है और आतंकवाद अभी खत्म नहीं हुआ है, इसके बावजूद पाकिस्तान के मंत्री भारत आ रहे हैं और सरकार उनके साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर शामिल हो रही है।
फोरम में अपने संबोधन के दौरान मुसादिक मसूद मलिक ने पुराना किला और उसके ऐतिहासिक महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने मुगल शासक हुमायूं और शेरशाह सूरी का नाम लेते हुए कहा कि जिस किले में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, वह खुद इतिहास की कई परतों की कहानी है। मलिक ने कहा कि पुराना किला की नींव हुमायूं ने रखी थी, जिनका संबंध तैमूर वंश से था और जिनकी जड़ें मध्य एशिया से जुड़ी थीं। इसके बाद शेरशाह सूरी ने इस किले के निर्माण को आगे बढ़ाया, जो अफगान मूल के शासक थे। एक ही किले की दीवारों में दो प्रतिद्वंद्वी शासकों और इतिहास की दो अलग-अलग परतों की कहानी छिपी है।
