कोलकाता में प्रबोधिनी एकादशी के पावन पर्व पर बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक प्रकाशन के 38वें संस्करण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकाशन ने 86 साल की प्रखर यात्रा में राष्ट्रवाद और देशप्रेम को मजबूत किया है। कार्यक्रम में प्रकाशन समूह के निदेशक सुनील गुप्ता, प्रबंध संपादक तरुण गुप्ता, सीजीएम आनंद त्रिपाठी, स्थानीय संपादक (बिहार-झारखंड) आलोक मिश्रा के साथ सांसद, मंत्री और विधायकगण मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पिछली सरकारों पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन से पहले ऐसी सरकारें थीं, जिन्होंने राष्ट्रवाद के बाहर जाकर सत्ता चलाई। उन्होंने कहा कि यहां एक सरकार ने 34 साल तक शासन किया, लेकिन वह बीजिंग से संचालित होती रही। दूसरी सरकार के लिए यूपी-महाराष्ट्र और बिहार के लोग बाहरी थे, लेकिन बांग्लादेशी घुसपैठियों से प्रेम था और उन्हें दामाद बनाकर रखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों की ओर से भाषा के नाम पर बांटने और समाज को तोड़ने का प्रयास किया जाता रहा, लेकिन राज्य की जनता ने बंटेंगे तो कटेंगे के नारे पर भरोसा जताया और लंबे समय बाद राष्ट्रवादी सरकार को चुना।

सीएम ने वृत्तचित्र में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकाशन के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। प्रकाशन के प्रबंध संपादक तरुण गुप्ता ने कहा कि यह प्रकाशन परिवर्तन का साक्षी है और समूह परिवर्तन के साथ कदमताल करते हुए पाठकों के स्नेह और विश्वास पर खरा उतरता रहा है। उन्होंने कहा कि जितने भी परिवर्तन हों, आदर्श और मूल्य नहीं बदलते; समूह समाचार और विचार दोनों में पुष्ट है और राष्ट्रीयता इसके केंद्र में है।

प्रकाशन के निदेशक सुनील गुप्ता ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान का यह 38वां संस्करण है और वे राज्य सरकार से सहयोग के आकांक्षी हैं। कार्यक्रम के अंत में स्थानीय संपादक जयकृष्ण वाजपेयी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।