फर्रुखाबाद में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) को लेकर जिला उद्योग केंद्र ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में 11 उद्यमियों ने उद्योग लगाने के लिए निवेश साथी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया है। इन परियोजनाओं में 1073 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे करीब 1300 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

जिला उद्योग केंद्र के उद्यमी मित्र सत्यम शुक्ल ने बताया कि पोर्टल पर टूरिस्ट, डेयरी, कोल्ड स्टोरेज, यूपीसीडा और एमएसएमई क्षेत्र में ये रजिस्ट्रेशन हुए हैं। कर्मचारी विभिन्न क्षेत्रों में रजिस्ट्रेशन कराने वाले उद्यमियों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जीबीसी के संबंध में अभी कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

जीबीसी का उद्देश्य निवेश बढ़ाना, उद्योगों की स्थापना करना और रोजगार के अवसर पैदा करना है, ताकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे प्रांतों में न जाना पड़े। इसके तहत सरकार उद्यमियों से समझौता करती है। समझौते के बाद उद्योग स्थापित करने पर उद्यमी को स्टांप ड्यूटी में छूट और विभिन्न उद्योगों में 15 से 20 प्रतिशत अनुदान समेत अन्य लाभ मिलते हैं।

जनपद को जीबीसी 2026-27 के तहत तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष 1073 करोड़ का लक्ष्य पूरा हो गया है। शेष लक्ष्य के लिए विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले उद्यमियों से संपर्क किया जा रहा है।