फिरोजाबाद में एक अवर अभियंता (जेई) ने एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराकर आर्थिक सहायता ली थी, लेकिन आरोप साबित न होने पर उच्च न्यायालय के आदेश पर उन्हें यह राशि ब्याज सहित लौटानी पड़ी है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती के अनुसार, थाना दक्षिण क्षेत्र में सात वर्ष पूर्व दर्ज मामले में औद्योगिक क्षेत्र फीडर पर तैनात जेई अमित कुमार ने आरोप लगाया था कि बांके बिहारी रिसोर्ट के पास रहने वाले पुष्पेंद्र सिंह और उनके पिता पंचम सिंह दो अज्ञात लोगों के साथ उनके कार्यालय में आए और कनेक्शन न देने की बात कहते हुए जाति सूचक शब्दों का उपयोग करते हुए मारपीट की तथा सरकारी कार्य में बाधा डाली। मुकदमा दर्ज होने के बाद समाज कल्योग विभाग की अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति अत्याचार उत्पीड़न सहायता योजना से उन्हें पहले 25 हजार रुपये और पुलिस द्वारा चार्जशीट दाखिल करने के बाद 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी।

बाद में मामला उच्च न्यायालय पहुंचा, जहां आरोप साबित न होने पर न्यायालय ने आरोपियों को बरी कर दिया और दी गई सहायता राशि ब्याज सहित जमा कराने का आदेश दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी के मुताबिक, 75 हजार रुपये की सहायता राशि के साथ ब्याज के रूप में 37,500 रुपये इस वर्ष सात अक्टूबर को जमा कराए गए। मूलरूप से आगरा के सदर बाजार निवासी जेई अमित कुमार इन दिनों बदायूं में तैनात हैं और उनका कहना है कि उच्च न्यायालय के आदेश पर धनराशि वापस करने के साथ ब्याज भी जमा कराया गया है।

दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता सलीम खान का कहना है कि एससी-एसटी एक्ट के मुकदमों में 25 प्रतिशत धनराशि मुकदमा दर्ज होने पर, 50 प्रतिशत आरोप पत्र दाखिल होने पर और बाकी 25 प्रतिशत न्यायालय से पीड़ित के पक्ष में निर्णय आने पर मिलती है। आरोप साबित न होने पर कुछ मामलों में कोर्ट धनराशि वापस करने के आदेश देता है, जो अधिकांशतः दोनों पक्षों में समझौता होने पर होता है।