नया वोटर आईडी कार्ड बनवाने के इच्छुक नागरिकों को फॉर्म-6 भरकर आवेदन करना होगा। इसके लिए आवेदक का भारतीय नागरिक होना और उसकी आयु कम से कम 18 वर्ष होना अनिवार्य है। जिला निर्वाचन अधिकारी गोरखपुर दीपक मीणा के अनुसार, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा।

आवेदन के लिए जन्मतिथि और पते के प्रमाण के साथ-साथ फॉर्म-6 में परिवार के किसी सदस्य का विवरण भी देना होगा। जन्मतिथि सत्यापित करने और वर्तमान निवास स्थान की पुष्टि के लिए संबंधित दस्तावेजों में से कोई एक देना होगा। आवेदन ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है।

ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत आवेदक अपने क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) या बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जाकर फॉर्म-6 प्राप्त कर सकते हैं। फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा। विशेष अभियान की तिथियों पर सभी बूथों पर संबंधित बीएलओ सभी फॉर्म के साथ मौजूद रहेंगे।

जिन युवाओं की उम्र एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे फॉर्म-6 भरकर मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन और मतदाता पंजीकरण से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए नजदीकी बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है या निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन नंबर 1950 पर फोन किया जा सकता है।