संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के 103 दिन बाद भी सत्रावसन की घोषणा नहीं हुई है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में अगले संसद सत्र का मुद्दा उठा और प्रधानमंत्री ने 15 दिसंबर से पहले सत्र बुलाने का संकेत दिया। संसदीय कार्य संबंधी कैबिनेट समिति सत्र की तारीख और अवधि तय करेगी। मोदी ने मंत्रियों से 15 दिसंबर से पहले अगले सत्र की पूरी तैयारी करने और इस बीच विदेश यात्रा से बचने को कहा है।

शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी को लेकर विपक्ष के लगातार सवालों के बीच सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर फिर से विचार करने की तैयारी कर रही है। हालांकि, इस संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी संख्या जुटाना सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। 543 सदस्यीय लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत के लिए 361 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता होगी, जबकि तीन सीट रिक्त होने के कारण सदन में फिलहाल 540 सदस्य हैं। राजग के पास 320 सदस्य हैं और उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी।

अप्रैल में लोकसभा में विधेयक के गिर जाने के बाद से राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं और 26 सांसद विपक्षी खेमे से अलग हो गए हैं। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने पार्टी से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में विलय कर लिया और राजग को समर्थन देने का भरोसा दिया, जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। इन घटनाक्रमों से सरकार की स्थिति मजबूत हुई है, लेकिन उसे अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी। लोकसभा में 22 सदस्यों वाली द्रमुक और आठ सदस्यों वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) अहम भूमिका निभा सकती हैं।

राजनीतिक चुनौती केवल संख्या जुटाने तक सीमित नहीं है। विपक्षी दलों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। सत्तारूढ़ गठबंधन के एक सांसद ने कहा कि जब तक सदन सुचारू रूप से नहीं चलेगा, तब तक संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और मतदान संभव नहीं होगा। मौजूदा सत्र को आगे बढ़ाने के लिए कम से कम दो दिन पहले सूचना देना जरूरी है, जबकि नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम 14 दिन पहले सूचना देनी होती है। सरकार ऐसे फार्मूले पर विचार कर रही है, जिसके तहत परिसीमन के प्रभावों को लेकर, खासकर दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए, सभी राज्यों में लोकसभा सीट की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाई जाएगी। प्रस्तावित रूपरेखा में 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीट का मौजूदा अनुपात भी बरकरार रखने की बात है, हालांकि इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।