गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर देशभर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने गुरु साहिब को नमन किया और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया को इंसानियत, प्रेम, सच्चाई और आपसी भाईचारे का रास्ता दिखा रही हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश और विदेश में रहने वाले भारतीयों को शुभकामनाएं देते हुए लोगों से गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश पूरी मानवता को एकता के सूत्र में बांधने वाला है। 'इक ओंकार' के संदेश का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसका भाव यही है कि पूरी मानवता एक है और समाज में जाति, ऊंच-नीच तथा किसी भी तरह के भेदभाव की जगह नहीं होनी चाहिए। राष्ट्रपति ने 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' की सीख को याद करते हुए कहा कि ईश्वर को याद करो, ईमानदारी से मेहनत करके कमाई करो और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ हिस्सा बांटो। उन्होंने लंगर की परंपरा को बराबरी, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा की मिसाल बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमेशा मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी और उनका संदेश ऐसे समाज बनाने की प्रेरणा देता है, जहां दया, आपसी मेलजोल और सभी के कल्याण को महत्व दिया जाए। उन्होंने एक वीडियो संदेश भी साझा किया, जिसमें कहा गया कि गुरु साहिब की बातें पूरी दुनिया के लिए आज भी प्रेरणादायक हैं। 'मोदी आर्काइव' हैंडल से साझा एक वीडियो में गुजरात के कच्छ के लखपत स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण की कहानी दिखाई गई, जो 26 जनवरी 2001 के भूकंप में तबाह हो गया था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने दया, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देकर समाज को नई दिशा दिखाई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रकाश पर्व पर शुभकामनाएं दीं।