गुरुग्राम के सेक्टर 65 थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर खाली पड़ी जमीन पर बने एक जर्जर सीवरेज टैंक में एक व्यक्ति का शव मिला। टैंक काफी दिनों से बंद और सूखा पड़ा था। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या कर शव को टैंक में फेंका गया हो सकता है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

सेक्टर 65 थाना पुलिस, एफएसएल और अन्य टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक शव कुछ दिन पुराना है और उसके कुछ हिस्सों से खून निकला हुआ था।

बताया जाता है कि टैंक गहरा और सूखा है तथा आसपास की जमीन खाली और सूनसान है, जिसके चलते वहां आना-जाना कम रहता है। रविवार दोपहर वहां से गुजर रहे कुछ लोगों को टैंक के पास से बदबू आई। शक होने पर लोगों ने पास जाकर देखा तो अंदर शव पड़ा था, जिसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।

पुलिस जांच कर रही है कि व्यक्ति की मौत टैंक में गिरने से हुई है या उसे मारकर वहां फेंका गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस कई एंगल पर जांच कर रही है, आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।