हरियाणा सरकार ने अपनी योजनाओं और सेवाओं के प्रचार के लिए इंटरनेट मीडिया एक्शन प्लान तैयार किया है। मुख्य सचिव के निर्देश पर सभी विभागों और जिलों को फेसबुक और एक्स पर आधिकारिक और सत्यापित अकाउंट संचालित करने होंगे तथा इन पर योजनाओं, सेवाओं और महत्वपूर्ण जानकारियों को नियमित रूप से साझा करना होगा।

इंटरनेट मीडिया के संचालन और निगरानी के लिए हर विभाग और जिले में समर्पित टीम गठित की जाएगी। सोशल मीडिया पर सीधे मिली शिकायतों और सोशल मीडिया ग्रीवेंस ट्रैकर (एसएमजीटी) के जरिए दर्ज मामलों का तय समय में समाधान करना होगा। कार्रवाई की जांच के बाद जवाब तैयार कर संबंधित अकाउंट पर पोस्ट करना भी जरूरी होगा।

विभागों और जिलों को इंटरनेट मीडिया गतिविधियों तथा शिकायत निवारण की मासिक रिपोर्ट मुख्य सचिव कार्यालय भेजनी होगी, जिससे योजनाओं के प्रचार और शिकायतों के समाधान की स्थिति पर नियमित नजर रखी जा सके। सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, बोर्ड एवं निगमों के प्रबंध निदेशकों और जिला उपायुक्तों को 15 दिनों के भीतर अनुपालना की समेकित कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) देनी होगी।

रिपोर्ट में मौजूदा स्थिति, अब तक पालन न हुए या आंशिक रूप से लागू निर्देशों पर शुरू की गई कार्रवाई और उन्हें पूरा करने की समय-सीमा बतानी होगी। इसमें निगरानी के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी का नाम, पदनाम और संपर्क विवरण तथा अधिकारी को प्रशिक्षण दिए जाने की स्थिति का ब्योरा भी शामिल करना होगा।