बिलासपुर के घुमारवीं स्थित सीरखड्ड पुल से कूदकर जान देने वाली बरमाणा क्षेत्र की दो किशोरियों के मामले में पुलिस जांच के दौरान अहम पहलू सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, खड्ड में छलांग लगाने से ठीक पहले दोनों छात्राओं ने एक-दूसरे को गले लगाया था। घटना वाले दिन दोनों छात्राएं दो युवकों के साथ मंडी गई थीं। उनकी तलाश शुरू होने पर गांववासियों ने कुछ लड़कों को खोजने के लिए भेजा, इसी दौरान दोनों छात्राएं सीरखड्ड पुल के पास पहुंचीं और गले मिलने के बाद खड्ड में कूद गईं।

जांच में यह भी सामने आया है कि घटना वाले दिन दोपहर करीब 2:30 बजे एक छात्रा ने किसी श्रमिक का मोबाइल फोन लेकर एक लड़के से बातचीत की थी। पुलिस इस फोन कॉल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। साथ ही दोनों छात्राओं की मोबाइल चैट, इंस्टाग्राम अकाउंट और सोशल मीडिया गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना से पहले उनके संपर्क में रहे लोगों और बातचीत के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

इस घटना में दोनों नाबालिग छात्राओं की जान चली गई थी। पुलिस और प्रशासन ने तलाश अभियान चलाया था। पहले एक छात्रा का शव मिला, जबकि दूसरी का शव अगले दिन तलाशी के दौरान बरामद हुआ। बरमाणा थाना में मामला दर्ज है और पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि बरमाणा थाना में मामला दर्ज किया गया है।