भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया था, वे सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपनी फाइनल मेरिट लिस्ट देख और डाउनलोड कर सकते हैं।

भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती का रिजल्ट PDF फॉर्मेट में जारी किया है। ये PDF अलग-अलग आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO) और जोनल रिक्रूटिंग ऑफिस (ZRO) के लिए अलग-अलग हैं, जिनमें IRO दिल्ली, IRO NCR और अन्य क्षेत्र शामिल हैं। उम्मीदवार अपने संबंधित रिक्रूटिंग ऑफिस की मेरिट सूची देख सकते हैं। फाइनल लिस्ट में अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), टेक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन, महिला मिलिट्री पुलिस, सिपाही फार्मा, हवलदार एजुकेशन और जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) रिलीजियस टीचर सहित कई पद शामिल हैं।

रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले joinindianarmy.nic.in पर जाएं और होमपेज पर भर्ती या रिजल्ट सेक्शन खोलें। इसके बाद 'JCO/OR/अग्निवीर एनरोलमेंट' सेक्शन में जाकर संबंधित अंतिम मेरिट सूची की नोटिफिकेशन चुनें। अपने ZRO, ARO या BRO से जुड़े PDF लिंक पर क्लिक करके फाइनल रिजल्ट की PDF खोलें और डिटेल्स देखें। आगे के लिए PDF को डाउनलोड करके सेव कर लें। उम्मीदवार IRO दिल्ली का परिणाम डाउनलोड करने के लिए दिए गए लिंक का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

फाइनल लिस्ट में नाम आने का अर्थ है कि उम्मीदवार चयन प्रक्रिया में सफल हो गया है, लेकिन फाइनल एनरोलमेंट यानी भर्ती की आगे की औपचारिकताओं के लिए भारतीय सेना के निर्देशों का पालन करना होगा। जॉइनिंग के लिए 10वीं और 12वीं की मार्कशीट व सर्टिफिकेट, ग्रेजुएशन की मार्कशीट और सर्टिफिकेट (जहां लागू हो), आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र, निवास और जाति सर्टिफिकेट (जहां लागू हो), कैरेक्टर सर्टिफिकेट, पासपोर्ट साइज फोटो, रिजल्ट PDF व एडमिट कार्ड और बैंक अकाउंट से जुड़ी जानकारी जरूरी है। उम्मीदवारों को जॉइनिंग निर्देशों, रिपोर्टिंग की तारीखों और अन्य आवश्यकताओं की सूचना के लिए आधिकारिक भर्ती पोर्टल नियमित रूप से चेक करते रहना चाहिए।