तुर्की ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) और संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के सदस्यों को पत्र लिखकर भारत और साइप्रस के बीच कथित ब्रह्मोस मिसाइल सौदे पर चिंता जताई है। संयुक्त राष्ट्र में तुर्की के स्थायी प्रतिनिधि अहमद यिल्डिज ने महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को यह पत्र भेजा है। पत्र 4 नवंबर को UNSC और 2 नवंबर को UNGA सदस्यों को भेजा गया। इसे 'उत्तरी साइप्रस तुर्की गणराज्य' के प्रतिनिधि मुरात सोयसल ने जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि विदेशी ताकतों के साथ साइप्रस का बढ़ता सैन्य सहयोग पूर्वी भूमध्य सागर में स्थिरता को कमजोर कर रहा है।
सौदे को कथित इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि न भारत और न ही साइप्रस ने ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर किसी समझौते की आधिकारिक पुष्टि की है। हालांकि साइप्रस की कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ब्रह्मोस के अलावा कई अन्य भारतीय हथियारों की खरीद पर भी दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है। तुर्की के पत्र के मुताबिक, मई 2026 में ग्रीक साइप्रियट नेता निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स की नई दिल्ली यात्रा के दौरान दोनों देशों के रणनीतिक संबंध मजबूत हुए और 650 किलोमीटर रेंज वाली ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की खरीद को लेकर बातचीत की खबरें सामने आईं।
तुर्की और साइप्रस के बीच विवाद 1974 में द्वीप के विभाजन और उत्तरी साइप्रस पर नियंत्रण को लेकर है। दक्षिणी हिस्से पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त 'रिपब्लिक ऑफ साइप्रस' का शासन है, जबकि उत्तरी हिस्से पर 'टर्किश रिपब्लिक ऑफ नॉर्दन साइप्रस' का नियंत्रण है, जिसे केवल तुर्की मान्यता देता है। 1974 में तुर्की के आक्रमण के बाद निकोसिया में संयुक्त राष्ट्र का बफर जोन बना। मौजूदा समय में पूर्वी भूमध्य सागर में प्राकृतिक गैस भंडार और समुद्री अधिकार क्षेत्र को लेकर तुर्की तथा साइप्रस और ग्रीस के बीच तीखा मतभेद बना हुआ है।
तुर्की की 'ब्लू होमलैंड' यानी 'मावी वतन' नीति के तहत वह पूर्वी भूमध्य सागर, एजियन सागर और काला सागर के करीब 4,62,000 वर्ग किलोमीटर समुद्री क्षेत्र पर विशेष अधिकार क्षेत्र और संप्रभुता का दावा करता है। रिपोर्टों के अनुसार साइप्रस ब्रह्मोस खरीदता है तो उसकी समुद्री क्षमता बढ़ेगी और वह अपने विशेष आर्थिक क्षेत्र तथा गैस परियोजनाओं की रक्षा कर सकेगा। मई 2026 में दोनों देशों के बीच 2026 से 2031 के लिए रक्षा सहयोग रोडमैप भी तैयार किया गया है।
