लखनऊ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के लिए दवाओं की कीमतों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सख्ती दिखाई है। FSDA आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के 1 अक्तूबर के आदेश का अनुपालन न करने पर राजधानी की 9 हॉस्पिटल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।

बताया गया है कि लखनऊ में कुल 13 हॉस्पिटल फार्मेसियों के खिलाफ जांच और नोटिस की कार्रवाई की गई थी, जिनमें निर्धारित प्रक्रिया के बाद भी नियमों का पालन न करने वाली 9 फर्मों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं। वहीं, मेदांता की आईपी फार्मेसी, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अपोलोमेडिक्स इंटरनेशनल लाइफसाइंसेज लिमिटेड और रीजेंसी हॉस्पिटल की फार्मेसियों ने वेबसाइट व क्यूआर कोड के माध्यम से औषधियों और मेडिकल डिवाइस की मूल्य सूची प्रदर्शित कर आदेश का अनुपालन कर लिया है।

FSDA की कार्रवाई की जद में आने वाली फार्मेसियों में जावित्री हॉस्पिटल के अंतर्गत संचालित राधा मेडिकल स्टोर, कृष्णा फार्मा और कृष्णा मेडिकल स्टोर (तेलीबाग), टेंडर पाम फार्मेसी, हेल्थप्लस रिसर्च एंड मेडिसेंटर (अर्जुनगंज), शांति राज मेडिकल्स, अवध हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर (आलमबाग), ग्लोब मेडिकेयर (निराला नगर), केपीएम मेडिकल डिस्पेंसरी (अमौसी), शेखर हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड व शेखर हार्ट लंग सेंटर (इंदिरा नगर), डॉ. केएनएस फार्मेसी (विकास खंड-2, गोमती नगर), तलवार स्किन फार्मेसी (चर्च रोड, इंदिरा नगर) और किड्स क्लिनिक इंडिया लिमिटेड (विराज खंड, गोमती नगर) शामिल हैं।

गौरतलब है कि FSDA आयुक्त की ओर से 1 अक्तूबर को ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर-2013 के प्रावधानों के तहत आदेश जारी कर दवाओं की कीमतें सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया था। इसके तहत प्रत्येक हॉस्पिटल फार्मेसी को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट बनाकर उस पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस संख्या, लाइसेंसधारक का विवरण, नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या, फोटो तथा साप्ताहिक स्टॉक का विवरण अपलोड करना जरूरी है। साथ ही वेबसाइट को नियमित अपडेट रखते हुए उसका यूआरएल व क्यूआर कोड फार्मेसी काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मरीज और तीमारदार दवाओं के वास्तविक मूल्य आसानी से देख सकें।