वाराणसी में शनिवार को काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का शुभारंभ हुआ। नमो घाट पर आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। यह आयोजन 12 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें तमिलनाडु से सात समूहों में 1750 प्रतिनिधि भाग लेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि काशी-तमिल संगमम एक भारत श्रेष्ठ भारत का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि इस संस्करण की थीम 'तिरुक्कुरल पयिलोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है। उनके अनुसार, पिछली बार उत्तर भारत ने तमिल सीखी थी और इस बार तमिल के जीवन मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि तिरुक्कुरल के तीन खंड- धर्म, अर्थ और काम भारतीय सनातन के मूल आधार हैं।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 1 हजार उच्च शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय छात्र सहभागिता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। तमिलनाडु के 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश में तमिल की शोध का प्रचार करेंगे, जबकि 1400 से अधिक अतिथि तमिल संस्कृति और शोध को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जैसे प्रयागराज में महाकुंभ नदियों के संगम से होता है, वैसे ही वाराणसी में उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु की भाषा और संस्कृति का मिलन होता है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की पहली अर्बन रोपवे परियोजना काशी के यातायात को नया आयाम देने जा रही है और नमो घाट काशी के नए स्वरूप के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ की नगरी में तमिलनाडु से आए सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। बताया गया कि काशी-तमिल संगमम के लिए तमिलनाडु से 250 छात्र काशी आए हैं, जिन्होंने सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किए।
