महिंद्रा ट्रैक्टर्स ने नागपुर में 27 से 30 नवंबर 2026 तक चल रहे एग्रोविजन 2026 कृषि मेले में पहली बार अपने इथेनॉल फ्लेक्स फ्यूल ट्रैक्टर को सार्वजनिक रूप से पेश किया है। कंपनी के अनुसार यह देश का पहला फ्लेक्स फ्यूल ट्रैक्टर है। यह ट्रैक्टर महिंद्रा के 49 HP Yuvo Tech+ प्लेटफॉर्म पर आधारित है और इथेनॉल तथा पेट्रोल के मिश्रण से चलता है। कृषि मेले में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी इसकी झलक देखी।
इस ट्रैक्टर में इस्तेमाल होने वाला इथेनॉल गन्ने, मक्के, मक्के की भूसी और पौधों के अवशेष यानी पराली से तैयार किया जाता है। कंपनी का कहना है कि इससे पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण घटेगा और किसानों की आमदनी बढ़ेगी।
इवेंट के दौरान महिंद्रा ट्रैक्टर्स के CEO हर्ष राय ने नितिन गडकरी को इस ट्रैक्टर की कार्यप्रणाली का लाइव डेमो दिखाया। उन्होंने कहा कि यह ट्रैक्टर भारतीय कृषि की बदलती जरूरतों के लिए वैकल्पिक ईंधन तकनीक विकसित करने की कंपनी की कोशिशों को दर्शाता है।
मेले में महिंद्रा ने दो अन्य ट्रैक्टर भी प्रदर्शित किए। Mahindra NOVO 605 DI PS 4WD में 50 HP इंजन, चारों पहियों को चलाने की क्षमता, 2,700 किलोग्राम तक वजन उठाने की ताकत, पार्शियल सिंक्रोमेश ट्रांसमिशन और 12/8 पैड क्लच दिया गया है। Mahindra OJA 2130 में 3-सिलेंडर डायरेक्ट-इंजेक्शन इंजन, 950 किलोग्राम तक वजन उठाने की क्षमता और प्रोजा वेरिएंट में 12 फॉरवर्ड तथा 12 रिवर्स गियर्स मिलते हैं। यह एडवांस डिजिसेंस (myOJA) कनेक्टिविटी फीचर से भी लैस है। कंपनी देशभर में ट्रैक्टरों के अलावा हार्वेस्टर, ट्रांसप्लांटर, एमबी प्लाऊ और रोटावेटर जैसी कृषि मशीनें भी बेचती है।
