भारतीय रेलवे माल ढुलाई से होने वाली कमाई बढ़ाने के लिए 400 नई वस्तुओं को अपनी सुधार योजना में शामिल करने पर विचार कर रहा है। इनमें चूना पत्थर, रेत, डोलोमाइट और जिप्सम जैसी वस्तुएं शामिल हैं। रेल मंत्री के अनुसार, हर वस्तु की जरूरत के हिसाब से उसकी ढुलाई व्यवस्था तैयार की जा रही है।
रेलवे अब तक 120 वस्तुओं के लिए ऐसे बदलाव कर चुका है, जिनमें नमक, सीमेंट, फ्लाई ऐश, कार, अनाज, खाद और पेट्रोलियम उत्पाद शामिल हैं। इन वस्तुओं की ढुलाई के तरीके में बदलाव से रास्ते में होने वाली बर्बादी और नुकसान कम हुआ है, खासकर सीमेंट, खाद और अनाज की ढुलाई में। रेल मंत्री के मुताबिक, सीमेंट की बेहतर ढुलाई से मकान निर्माण की लागत घटाने में भी मदद मिल सकती है। मंत्री ने बताया कि चालू साल में इन सुधारों से रेलवे को 1,078 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हुई है।
रेलवे माल ढुलाई में दूसरी वस्तुओं की हिस्सेदारी बढ़ाना चाहता है। इसके लिए हर सामान को एक ही तरीके से ढोने के बजाय उसकी प्रकृति और जरूरत के अनुसार व्यवस्था बनाई जाएगी। अगले चरण में डोलोमाइट, जिप्सम और मिट्टी समेत कई खनिजों को शामिल किया जाएगा। खाद्यान्न और उर्वरकों को कंटेनर के जरिये पहुंचाने पर भी जोर है, जिससे परिवहन के दौरान सामान खराब होने और नुकसान की आशंका कम होगी। रेलवे का मानना है कि इन बदलावों से माल ढुलाई अधिक आसान और किफायती होगी तथा कोयले जैसी चुनिंदा वस्तुओं से होने वाली कमाई पर निर्भरता भी घटेगी।
रेलवे ने जनवरी से अब तक यात्री सुविधाओं और कामकाज से जुड़े 59 सुधार किए हैं। ट्रेनों के जैव शौचालयों के पहले कक्ष की सफाई के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ पर नजर रखने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निगरानी व्यवस्था विकसित की गई है। मालगाड़ियों के वैगन और यात्री डिब्बों की जांच व्यवस्था में भी तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है, जबकि रेलवे पटरियों के जरूरी हिस्सों को बेहतर बनाने और यात्री आरक्षण प्रणाली को आधुनिक करने का काम जारी है।