जींद के गांव बिशनपुरा के पास 20 नवंबर की रात एलपीजी से भरे टैंकर में गैस चोरी के दौरान आग लग गई थी। एचपीसीएल के क्षेत्रीय मुख्य प्रबंधक रोहित ब्रह्मदेव की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने ट्रांसपोर्टर चंद्रप्रकाश अरोड़ा और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि गैस चोरी ट्रांसपोर्टर के कहने पर हुई थी या चालक ने खुद करवाई।
शिकायत के मुताबिक, रोहतक रोड स्थित एचपी गैस प्लांट से सात टन एलपीजी लेकर टैंकर बठिंडा जाना था, लेकिन चालक उसे पास के एक ढाबे पर ले गया। वहां कालाबाजारी के लिए टैंकर से गैस निकाली जा रही थी और लापरवाही से आग भड़क गई।
फायर ब्रिगेड ने लगातार पानी की बौछार कर टैंकर को फटने से बचाया। गैस जलने के बाद आग शांत हुई और चालक फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
