कासगंज की तीर्थनगरी सोरों में 18 दिसंबर से मार्गशीर्ष मेला शुरू होगा, जो करीब एक माह तक चलेगा। इसे मिनी महाकुंभ भी कहा जाता है। मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जो हरिपदी गंगा में स्नान करेंगे। मेले के दौरान चार प्रमुख स्नान होंगे, साथ ही पंचकोसी परिक्रमा और शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी।

नगर पालिका चेयरमैन रामेश्वर दयाल मेहरे के अनुसार मार्गशीर्ष मेला सोरों की धार्मिक पहचान और आस्था का प्रमुख पर्व है। मेले को भव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, पेयजल, प्रकाश और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। प्रयास रहेगा कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मेले का उद्घाटन 18 दिसंबर को होगा। 20 दिसंबर को पहला शाही स्नान, पंचकोसी परिक्रमा और श्याम वराह भगवान की शोभायात्रा निकाली जाएगी। 21 दिसंबर को दूसरा शाही स्नान और धनवर्षा वराह भगवान की शोभायात्रा होगी। 22 दिसंबर को नागा साधुओं की बाबा शाही सवारी निकलेगी और स्नान होगा, जबकि 24 दिसंबर को पूर्णिमा स्नान के साथ श्रद्धालु हरिपदी गंगा में आस्था की डुबकी लगाएंगे। इस तरह मेले में कुल चार प्रमुख स्नान होंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पालिका की ओर से घाटों की सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, अस्थायी शौचालय और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी। स्नान पर्वों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा। प्रयास है कि मेले के शुभारंभ से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।