इस्लामाबाद में 26-27 नवंबर को मक्का संयुक्त रक्षा समझौते की तीसरी 'स्ट्रैटेजिक पॉलिटिकल एंड डिफेंस कमिटी' की बैठक हो रही है। इसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री और सैन्य प्रमुख शामिल होंगे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब इजरायल ने ईरान पर एक बार फिर हमले की धमकी दी है और ईरान समर्थित हूती विद्रोही सऊदी अरब पर लगातार हमले कर रहे हैं। ऐसे में इस बैठक को अहम माना जा रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते के आधार पर होने वाली इन वार्ताओं का मकसद संयुक्त सैन्य योजना बनाना, खुफिया जानकारी साझा करना और लाल सागर में बाधाओं तथा सऊदी-हूती संघर्ष जैसे साझा खतरों से निपटने के लिए मिलकर काम करना है।

मक्का रक्षा समझौते में शामिल तुर्की के पास NATO की दूसरी सबसे बड़ी सेना है। सऊदी अरब इस्लाम की सबसे पवित्र जगहों का घर होने के साथ दुनिया के प्रमुख तेल निर्यातकों में से एक है। वहीं, समझौते में शामिल पाकिस्तान अकेला परमाणु-संपन्न मुस्लिम देश है। अनुमानों के मुताबिक, पाकिस्तान के पास करीब 170 परमाणु हथियार हैं, जिनमें से कुछ को तैयार हालत में रखा गया है, लेकिन पाकिस्तान ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इस बीच, हूती समूह और सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच तनाव चरम पर है। मंगलवार देर रात यमन की राजधानी सना में बमबारी की गई। हूती संचालित अल-मसीराह टीवी ने बताया कि सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के इलाके को सऊदी ने निशाना बनाया। अभी तक किसी के हताहत होने या नुकसान की खबर नहीं है। स्थानीय निवासियों ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ को बताया कि इलाके में जोरदार धमाके हुए, जिससे आसपास के घरों की खिड़कियां हिल गईं।