समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। 'पीडीए का प्रणपत्र' नाम से जारी इस घोषणापत्र में युवाओं, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों और वंचित वर्गों के लिए कई वादे किए गए हैं। पार्टी ने रोजगार, आरक्षण, सामाजिक न्याय और आर्थिक सुरक्षा को अपने चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरने का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने रोजगार मिलने तक पात्र बेरोजगार स्नातकों को हर महीने पांच हजार रुपए भत्ता देने और किसानों की कर्जमाफी का भी वादा किया। उनका कहना है कि समाजवादी पार्टी ने अपने पिछले घोषणापत्रों में किए गए वादों को पूरा किया है और सरकार बनने पर नई जरूरतों के मुताबिक अतिरिक्त फैसले भी लिए जाएंगे।

उधर, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा के घोषणापत्र पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कितने भी घोषणापत्र जारी कर लिए जाएं, यूपी में एनडीए की सरकार आ रही है। डिप्टी सीएम ने सपा द्वारा कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव देने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कितने भी गठबंधन कर लिए जाएं, इंडी गठबंधन को उत्तर प्रदेश के लोग कभी स्वीकार नहीं करेंगे और भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, सपा के घोषणापत्र में अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों का ध्यान रखा है, ताकि बीजेपी को सवाल खड़ा करने का मौका न मिले। उल्लेखनीय है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के घोषणापत्र में किसानों को मुफ्त बिजली और समय पर गन्ना भुगतान, उज्ज्वला लाभार्थियों को होली और दीपावली पर दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी, कन्या सुमंगला योजना की राशि बढ़ाने, हर परिवार में रोजगार, पेंशन में बढ़ोतरी, हर जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज, लव जिहाद पर सख्त कानून, 10 लाख करोड़ का निवेश और हर घर नल से जल जैसे वादे शामिल थे।