उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट साझेदारी की बातचीत के बीच दोनों दलों के सांसदों इक़रा हसन और इमरान मसूद के बीच बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। दोनों नेता अपनी-अपनी पार्टी की ओर से गठबंधन वार्ता की कमेटियों में शामिल हैं। सोमवार से बुधवार तक तीन दौर की वार्ता के बाद भी सीट शेयरिंग पर स्थिति साफ़ नहीं हो सकी है।
बयानबाज़ी तब शुरू हुई जब पहले दिन की वार्ता के बाद समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के लिए 26 सीटें देने की बात कही और अपने पांच उम्मीदवारों की सीटें भी घोषित कर दीं, जिनमें दो सीटें सहारनपुर संसदीय क्षेत्र से थीं, जहां से इमरान मसूद सांसद हैं। इस पर मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि हम भिखारी नहीं हैं, जो अखिलेश जी की ख़ैरात का इंतज़ार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने सीटें नहीं मांगी थीं और सपा ने खुद ही सीटों का एलान कर दिया।
इक़रा हसन ने इस शब्दावली पर आपत्ति जताई और कहा कि गठबंधन ज़मीनी हक़ीक़त के आधार पर तय होता है। उन्होंने एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि सीट बंटवारे पर सवाल उठाने वालों को आंकड़े भी देखने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर उनके लोकसभा क्षेत्र की कोई सीट गठबंधन के खाते में जाती है तो उनके राजनीतिक समीकरण बिगड़ेंगे, लेकिन उनका दुख या अहंकार गठबंधन से बड़ा नहीं हो सकता।
इस बीच इमरान मसूद ने बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती के साथ गठबंधन के संकेत दिए, जिससे मामला और तूल पकड़ गया, हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि गठबंधन होगा तो सम्मान के साथ होगा और वे किसी दबाव में न थे, न हैं और न ही होंगे। कांग्रेस के 60 सीटों पर मान जाने की ख़बरों पर उन्होंने सवाल उठाया कि फिर चुनाव लड़ने का क्या मतलब है। समाजवादी पार्टी की ओर से अब तक कोई बड़ा बयान सामने नहीं आया है।
