मणिपुर के चंदेल जिले के चकपीकरोंग इलाके में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। पिछले 48 घंटों में हुई इन मौतों के बाद मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को लम्फेलपत के शिजा अस्पताल और साजिवा के बाबिना अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, शिजा अस्पताल समेत अलग-अलग अस्पतालों में 150 से अधिक लोगों को भर्ती कराया गया है। सभी का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज और चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने दोनों अस्पतालों के अधिकारियों को मरीजों को बेहतर उपचार और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जिले में सामान्य चिकित्सा विशेषज्ञ के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम और आवश्यक दवाइयां भेजी गई हैं।