मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर सिकरेड़ा गांव के पास एक ट्रक और टूरिस्ट बस की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो बच्चों सहित नौ श्रद्धालु घायल हो गए, जो कोटद्वार के सिद्धबली मंदिर जा रहे थे। घायलों का एम्बुलेंस में ही उपचार किया गया।
संवाद सूत्र, मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर गांव सिकरेड़ा के निकट एक ट्रक और टूरिस्ट बस की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो बच्चों समेत नौ श्रद्धालु घायल हो गए। आरोप है कि ट्रक चालक घने कोहरे के बीच तेज गति से ट्रक लेकर डिवाइडर के दूसरी ओर गलत साइड आ गया और सामने से आ रही टूरिस्ट बस में टक्कर मार दी।
घायलों में मुजफ्फरनगर के अवध विहार निवासी ज्ञानेंद्र शर्मा पुत्र बलजोर, सीमा पत्नी पवन, अमरेश पुत्र योगेंद्र, टूरिस्ट बस चालक शाहरुख, सनी शर्मा पुत्र रविंदर शर्मा, सरिता पत्नी ब्रह्मपाल सिंह, छह वर्षीय दीशा पुत्री सनी, आठ वर्षीय आराध्या पुत्री ज्ञानेंद्र और पवन पुत्र रतन सिंह शामिल हैं। ज्ञानेंद्र शर्मा ने बताया कि वे 25 लोग बस में कोटद्वार के सिद्धबली मंदिर जा रहे थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जानसठ और जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद राजमार्ग पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त टूरिस्ट बस को हटवाकर सुचारू कराया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर बीआईटी पुलिस चौकी पर भेज दिया तथा आरोपित चालक को थाने ले गई।
